🌐 Language

Select your Preferred Language to Enter the Website

वेबसाइट में प्रवेश करने के लिए अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें

ध्यान

ध्यान – परिचय

ध्यान वह अवस्था है जिसमें मन एकाग्र, शांत और सजग होकर किसी एक विषय, ध्वनि, श्वास, मंत्र या केवल वर्तमान क्षण में स्थिर हो जाता है। योग के अनुसार ध्यान केवल आंखें बंद करके बैठना नहीं, बल्कि मन की चंचलता को कम करके उसे स्थिर एवं अंतर्मुखी बनाना है।

पतंजलि के अनुसार योग का उद्देश्य “चित्तवृत्ति निरोध” अर्थात् मन की वृत्तियों का शांत होना है। अष्टांग योग में ध्यान सातवां अंग है, जो धारणा (एकाग्रता) के बाद और समाधि से पहले आता है।

ध्यान का अर्थ

ध्यान का अर्थ है “ध्यान देना”: यह वर्तमान क्षण पर बिना किसी पूर्वाग्रह के ध्यान केंद्रित करने का अभ्यास है। कल्पना कीजिए कि आपका मन एक व्यस्त राजमार्ग है और आपके विचार गुजरती हुई गाड़ियां हैं। ध्यान का अर्थ है गाड़ियों का पीछा करने के बजाय उन्हें गुजरते हुए देखना। सरल शब्दों में, ध्यान वह प्रक्रिया है जिसके द्वारा हम अपने मन को भटकने से रोककर उसे शांति, संतुलन और आत्म-जागरूकता की ओर ले जाते हैं।

ध्यान का महत्व

आज का जीवन तेज़ गति, प्रतिस्पर्धा, तनाव, मोबाइल, सोशल मीडिया, आर्थिक दबाव और अनियमित दिनचर्या से भरा हुआ है। इन कारणों से मन निरंतर व्यस्त रहता है। ध्यान इस मानसिक शोर को कम करके व्यक्ति को आंतरिक शांति प्रदान करता है।

वैज्ञानिक अध्ययन – पृष्ठभूमि

ध्यान (Meditation) भारतीय योग परंपरा की अमूल्य देन है। हजारों वर्षों से ऋषि-मुनियों ने इसे मानसिक शांति, आत्मबोध तथा आध्यात्मिक उन्नति का साधन माना है। पिछले लगभग पांच दशकों में विश्वभर के वैज्ञानिकों, मनोवैज्ञानिकों तथा चिकित्सकों ने ध्यान के प्रभावों का अध्ययन किया है। आज अमेरिका, यूरोप और अन्य देशों के अनेक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं चिकित्सा संस्थानों में ध्यान पर हजारों शोध प्रकाशित हो चुके हैं।

वैज्ञानिक शोधों से यह स्पष्ट हुआ है कि ध्यान केवल आध्यात्मिक साधना नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन तथा कुछ शारीरिक मापदण्डों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। हालांकि, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि ध्यान को किसी भी रोग का “चमत्कारी उपचार” नहीं माना जाना चाहिए। यह चिकित्सा का विकल्प नहीं, बल्कि चिकित्सा का एक महत्वपूर्ण प्रभावी सहायक अंग (Complementary Practice) है।

ध्यान से होने वाले लाभ – भाग 1

  • ध्यान तनाव कम करने, रक्तचाप घटाने और नींद में सुधार करने में सहायक है। जब व्यक्ति तनावग्रस्त होता है, तब शरीर में कॉर्टिसोल (Cortisol) तथा एड्रेनालिन जैसे तनाव हार्मोन बढ़ जाते हैं। नियमित ध्यान इन हार्मोनों की सक्रियता को कम करने तथा शरीर की विश्राम प्रणाली (Parasympathetic Nervous System) को सक्रिय करने में सहायता करता है।
  • अनेक नियंत्रित अध्ययनों से पता चला है कि ध्यान से चिंता के लक्षणों में कमी आती है। कुछ शोधों में यह भी पाया गया है कि ध्यान पुनरावर्ती अवसाद (Recurrent Depression) वाले रोगियों में भविष्य में अवसाद की पुनरावृत्ति का जोखिम कम करने में सहायक होता है और पोस्ट- ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) से निपटने में मददगार होता हैं।
  • मस्तिष्क की इमेजिंग (fMRI एवं PET) पर आधारित अनेक अध्ययनों में पाया गया कि नियमित ध्यान से मस्तिष्क के उन क्षेत्रों की सक्रियता में परिवर्तन होता है जो — एकाग्रता, आत्म-जागरूकता, भावनात्मक नियंत्रण, निर्णय क्षमता — से संबंधित हैं।

ध्यान से होने वाले लाभ – भाग 2

ध्यान के नियमित अभ्यास से—

  • ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बढ़ती है।
  • अनावश्यक विचारों का हस्तक्षेप कम होता है।
  • कार्य पर बने रहने की क्षमता विकसित होती है।
  • मानसिक स्पष्टता बढ़ती है।

अनिद्रा से पीड़ित लोगों पर हुए अध्ययनों में पाया गया कि मेडिटेशन से —

  • सोने में लगने वाला समय कम होता है।
  • नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है।
  • रात में बार-बार जागने की समस्या कम होती है।

ध्यान से होने वाले लाभ – भाग 3

  • कुछ शोधों में नियमित ध्यान से सिस्टोलिक तथा डायस्टोलिक रक्तचाप में चिकित्सकीय दृष्टिकोण से उपयोगी कमी देखी गई है। इसका मुख्य कारण तनाव में कमी, हृदयगति का संतुलन तथा स्वायत्त तंत्रिका तंत्र (Autonomic Nervous System) का बेहतर नियंत्रण माना जाता है।
  • कुछ नियंत्रित अध्ययनों से संकेत मिले हैं कि नियमित ध्यान शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली से जुड़े कुछ जैव-रासायनिक संकेतकों (Immune Markers) पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
  • ध्यान विशेष रूप से दीर्घकालिक दर्द (Chronic Pain) से जूझ रहे रोगियों में दर्द के अनुभव और उससे जुड़ी मानसिक पीड़ा को कम करने में सहायक पाया गया है। ध्यान दर्द के कारण को समाप्त नहीं करता, लेकिन दर्द को सहने की क्षमता तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाता है।
  • ध्यान मादक द्रव्यों के सेवन संबंधी विकारों से उबरने में लोगों की मदद करने के लिए उपयोगी उपकरण हो सकता है।

ध्यान का मस्तिष्क पर सीधा प्रभाव

(EEG, fMRI, हार्मोन, न्यूरोप्लास्टिसिटी एवं आधुनिक विज्ञान के आधार पर)

हजारों वर्षों से भारतीय योगशास्त्र यह कहता आया है कि ध्यान (Meditation) मन को शांत, बुद्धि को निर्मल और चेतना को उच्च बनाता है। पिछले तीन दशकों में न्यूरोसाइंस (Neuroscience) ने इस विषय का गहन अध्ययन किया है। आज EEG (Electroencephalography), fMRI (Functional Magnetic Resonance Imaging), PET Scan, हार्मोन विश्लेषण तथा जैव-रासायनिक परीक्षणों की सहायता से यह समझा जा रहा है कि ध्यान के समय मस्तिष्क और शरीर में क्या परिवर्तन होते हैं।

महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी प्रकार के ध्यान (जैसे माइंडफुलनेस, मंत्र-जप, करुणा-ध्यान, फोकस्ड अटेंशन आदि) मस्तिष्क पर एक जैसे प्रभाव नहीं डालते। फिर भी कुछ परिवर्तन ऐसे हैं जिनके समर्थन में पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध हैं।

1. EEG में परिवर्तन

EEG {(Electroencephalography) जो मस्तिष्क की विद्युत गतिविधि (Brain Waves) को मापता है}, में निम्नलिखित परिवर्तन दिखाई देते हैं :-

  • नियमित ध्यान करने वालों में अल्फा गतिविधि बढ़ी हुई पाई गई है। इससे मानसिक शांति, तनाव में कमी और ध्यान की स्थिरता का संबंध माना जाता है।
  • गहरे ध्यान में थीटा तरंगों की वृद्धि देखी गई है। ये आत्म-जागरूकता, स्मृति प्रसंस्करण और आंतरिक निरीक्षण (Introspection) से संबंधित मानी जाती हैं।
  • नियमित अभ्यास करने वाले अनुभवी साधकों में गामा गतिविधि अधिक देखी गई है। गामा तरंगों का संबंध उच्च स्तर की एकाग्रता, संवेदनाओं के समन्वय तथा सीखने से माना जाता है।

2. fMRI में परिवर्तन

fMRI (जो मस्तिष्क के विभिन्न भागों में रक्त प्रवाह के आधार पर उनकी सक्रियता का अध्ययन करता है) में निम्नलिखित परिवर्तन दिखाई देते हैं :-

(क) प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स (Prefrontal Cortex) : यह भाग निर्णय क्षमता, आत्म-नियंत्रण, योजना तथा एकाग्रता का केंद्र माना जाता है। ध्यान के दौरान इस क्षेत्र की कार्यात्मक सक्रियता और विभिन्न मस्तिष्क क्षेत्रों के साथ उसका समन्वय बेहतर पाया गया है ।

(ख) अमिगडाला (Amygdala) : अमिगडाला भय, तनाव और भावनात्मक प्रतिक्रियाओं से जुड़ा प्रमुख भाग है। नियमित ध्यान करने वालों में कई अध्ययनों में अमिगडाला की अतिसक्रियता कम देखी गई है, इस कारण तनावपूर्ण परिस्थितियों में व्यक्ति अपेक्षाकृत शांत प्रतिक्रिया देता है।

(ग) डिफ़ॉल्ट मोड नेटवर्क (Default Mode Network – DMN) : DMN वह नेटवर्क है जो मन के भटकने, स्वयं के बारे में लगातार सोचने और अतीत – भविष्य में उलझे रहने से जुड़ा है। ध्यान के दौरान इस नेटवर्क की गतिविधि अक्सर कम होती देखी गई है, जिससे वर्तमान क्षण में जागरूक रहने की क्षमता बढ़ती है।

3. न्यूरोप्लास्टिसिटी

न्यूरोप्लास्टिसिटी (Neuroplasticity) : न्यूरोप्लास्टिसिटी का अर्थ है—अनुभव और अभ्यास के अनुसार मस्तिष्क का स्वयं को बदलने और नए तंत्रिका संबंध (Neural Connections) बनाने की क्षमता। ध्यान के नियमित अभ्यास से :

  • विभिन्न मस्तिष्क क्षेत्रों के बीच कार्यात्मक संपर्क (Functional Connectivity) में परिवर्तन,
  • भावनात्मक नियंत्रण से जुड़े नेटवर्क की दक्षता,
  • तथा कुछ अध्ययनों में कॉर्टिकल मोटाई (Cortical Thickness) में अंतर देखा गया हैं।

4. हार्मोन एवं न्यूरोकेमिकल परिवर्तन

(क) कॉर्टिसोल (Cortisol) : कॉर्टिसोल को तनाव हार्मोन कहा जाता है। कई अध्ययनों में नियमित ध्यान के साथ कॉर्टिसोल के स्तर या तनाव-प्रतिक्रिया में कमी देखी गई है, विशेषकर दीर्घकालिक तनाव वाले व्यक्तियों में।

(ख) सेरोटोनिन (Serotonin) : सेरोटोनिन मनोदशा, नींद और भावनात्मक संतुलन से जुड़ा न्यूरोट्रांसमीटर है। कुछ अध्ययनों से संकेत मिलता है कि ध्यान से सेरोटोनिन-संबंधी तंत्र प्रभावित होते हैं । इस सम्बन्ध में उच्च स्तरीय शोध जारी है ।

(ग) डोपामिन (Dopamine) : डोपामिन प्रेरणा, सीखने और आनंद से संबंधित है। कुछ अध्ययनों में ध्यान के दौरान डोपामिन में वृद्धि देखी गई है । इस सम्बन्ध में उच्च स्तरीय शोध जारी है ।

5. स्वायत्त तंत्रिका तंत्र

स्वायत्त तंत्रिका तंत्र (Autonomic Nervous System) : ध्यान के समय :

  • हृदय गति धीमी होती है।
  • श्वास अधिक नियमित और गहरी होती है।
  • पैरासिम्पेथेटिक (Rest and Digest) प्रणाली की सक्रियता बढ़ती है।
  • तनाव प्रतिक्रिया (Fight or Flight) कम होती है।

यही कारण हैं कि ध्यान के बाद व्यक्ति अधिक शांत और संतुलित अनुभव करता है।

6. स्मरण शक्ति और एकाग्रता

ध्यान से

  • कार्यकारी नियंत्रण (Executive Function),
  • ध्यान बनाए रखने की क्षमता,
  • तथा भावनात्मक नियंत्रण

बेहतर होते हैं ।

ध्यान का मस्तिष्क पर दीर्घकालिक प्रभाव

हमारे योग शास्त्री ध्यान का मष्तिष्क पर दीर्घकालीन और स्थायी प्रभाव मानते हैं । अब तक के वैज्ञानिक प्रमाण बताते हैं कि:

  • ध्यान के दौरान मस्तिष्क की कार्यात्मक गतिविधि (Functional Activity) में परिवर्तन स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं।
  • लंबे समय तक अभ्यास करने वालों में कुछ संरचनात्मक अंतर भी रिपोर्ट किए गए हैं।
  • लेकिन सभी अध्ययन समान निष्कर्ष नहीं देते; इसलिए “ध्यान निश्चित रूप से मस्तिष्क की संरचना बदल देता है” जैसा दावा वैज्ञानिक अभी नहीं करते हैं। आधुनिक न्यूरोसाइंस यह दर्शाती है कि ध्यान केवल मानसिक शांति का अनुभव नहीं कराता, बल्कि मस्तिष्क की कार्यप्रणाली, भावनात्मक नियंत्रण, तनाव-प्रतिक्रिया और ध्यान क्षमता पर भी प्रभाव डालता है। EEG में अल्फा और थीटा तरंगों की वृद्धि, fMRI में ध्यान एवं भावनात्मक नियंत्रण से जुड़े नेटवर्क की सक्रियता में परिवर्तन, कॉर्टिसोल में कमी तथा न्यूरोप्लास्टिसिटी से संबंधित संकेत इस दिशा में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रमाण प्रस्तुत करते हैं।

हमारी सम्मति

हमारी सम्मति में ध्यान को किसी चमत्कारी उपचार के रूप में नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, योग, प्राणायाम, संतुलित आहार और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय उपचार के साथ चिकित्सा का एक महत्वपूर्ण अंग समझ कर अपनाना ही सबसे वैज्ञानिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण है और चिकित्सीय उपचार के साथ ही इन साधनों की पूर्ण उपयोगिता लक्षित भी होती हैं; वास्तव में ये दोनों एक दूसरे के पूरक हैं।

ध्यान करने की विधि

ध्यान कई प्रकार से किया जा सकता है । हम कुछ विधियां नीचे दे रहे हैं, इनमें से किसी भी एक विधि का चयन अपनी इच्छानुसार कर सकते हैं ।

  • 01श्वास पर ध्यान (Breath Awareness)
  • 02मंत्र-जप ध्यान (जैसे “ॐ”, गायत्री मंत्र, महा मर्त्रुन्ज्य मन्त्र आदि)
  • 03किसी मंत्र का अनाहता (बिना ध्वनि के केवल मन में) जाप
  • 04त्राटक (दीपक की लौ पर दृष्टि स्थिर करना)
  • 05किसी प्रतीक, देवता या चक्र पर ध्यान
  • 06नाद (Chanting) पर ध्यान
  • 07किसी चक्र विशेषकर आज्ञा चक्र पर ध्यान
  • 08हृदय केन्द्र पर ध्यान, आदि

ध्यान करने की प्रक्रिया

ध्यान के लिए किसी आराम दायक आसन में बैठ कर हाथ ज्ञान मुद्रा में घुटनों पर रखेँ ।

आंखे कोमलता से बंद करें, और उपर बताये किसी एक जगह अपना ध्यान केन्द्रित करें ।

ध्यान के बीच में अनेक विचारों का स्वाभाविक रूप से आवागमन होगा, उन्हें रोकने की आवश्यकता नहीं हैं; बस उन्हें एक दर्शक के रूप में, एक साक्षी के रूप में देखें, उसमें खोए नहीं। जिस प्रकार एक ड्राईवर वाहन चलाते हुए गाने भी सुन लेता है, किसी से बात भी कर लेता है, सड़क पर होने वाली अन्य घटनाओं को भी थोड़ा बहुत समझ लेता है लेकिन अपना ध्यान ड्राइविंग से नहीं हटाता और वाहन चलाने में कोई असावधानी नहीं करता; ठीक उसी प्रकार अपना ध्यान अपने लक्ष्य पर वनाये रखें । अनुभव में आया है कि आज्ञा चक्र पर विधि पूर्वक नियमित ध्यान से कुछ दिनों में ध्यान के समय आज्ञा चक्र पर एक ज्योति सी अनुभव होती है जिससे अद्भुत मानसिक शांति एवं प्रसन्नता की प्राप्ति होती है ।

Research References

  1. Richard J. Davidson et al. (2003). Alterations in Brain and Immune Function Produced by Mindfulness Meditation. Psychosomatic Medicine.
  2. Antoine Lutz, John D. Dunne & Richard J. Davidson (2004). Long-term meditators self-induce high-amplitude gamma synchrony during mental practice.
  3. Sara W. Lazar et al. (2005). Meditation experience is associated with increased cortical thickness. Neuro Report, 16(17), 1893–1897.
  4. Britta K. Hölzel et al. (2010). Stress reduction correlates with structural changes in the amygdala.
  5. Chiesa A, Serretti A. A Systematic Review of Neurobiological and Clinical Features of Mindfulness Meditations. Psychological Medicine, 2010.
  6. Britta K. Hölzel et al. (2011). Mindfulness practice leads to increases in regional brain gray matter density. Psychiatry Research: Neuroimaging, 191(1), 36–43.
  7. Judson A. Brewer et al. (2011). Meditation experience is associated with differences in default mode network activity and connectivity.
  8. Elizabeth A. Hoge et al. (2013). Demonstrated reductions in stress markers, including cortisol, in individuals with anxiety disorders following mindfulness-based interventions.
  9. Goyal M, et al. Meditation Programs for Psychological Stress and Well-being: A Systematic Review and Meta-analysis. JAMA Internal Medicine. 2014;174(3):357–368.
  10. Kaur C, Singh P. EEG Derived Neuronal Dynamics during Meditation: Progress and Challenges. Advances in Preventive Medicine, 2015.
  11. Tim Lomas, Itai Ivtzan & Cynthia H. Y. Fu (2015). A systematic review of the neurophysiology of mindfulness on EEG oscillations.
  12. Chamandeep Kaur & Preeti Singh (2015). EEG Derived Neuronal Dynamics during Meditation: Progress and Challenges.
  13. Fox KCR, et al. Functional Neuroanatomy of Meditation: A Review and Meta-analysis of Functional Neuroimaging Investigations. Neuroscience & Biobehavioural Reviews, 2016.
  14. Black DS, Slavich GM. Mindfulness Meditation and the Immune System: A Systematic Review of Randomized Controlled Trials. Annals of the New York Academy of Sciences. 2016.
  15. U.S. National Centre for Complementary and Integrative Health (NCCIH). Meditation and Mindfulness: Effectiveness and Safety.
  16. NCCIH. 8 Things to Know About Meditation and Mindfulness.
  17. Camila Sardeto Deolindo et al. (2020). A Critical Analysis on Characterizing the Meditation Experience Through the Electroencephalogram.
  18. Rui Ferreira Afonso et al. (2020). Neural correlates of meditation: a review of structural and functional MRI studies.
  19. Calderone A, et al. Neurobiological Changes Induced by Mindfulness and Meditation: A Systematic Review. Biomedicines, 2024.
  20. Caitlin Baten et al. (2026). The functional neuroimaging of meditation: A quantitative whole-brain meta-analysis and systematic review.

Need Expert Guidance?

Our yoga experts are here to help you practice correctly and safely for maximum benefits.

Book an Appointment